कांट्रेक्ट बस का परिचालक था मृतक, अन्य दो परिचालकों पर लगा आरोप, एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानेसर स्थित मारुति कंपनी की कांट्रेक्ट बस के परिचालक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप अन्य दो परिचालकों पर लगा है जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इनमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बीते मंगलवार की सुबह मानेसर स्थित मारुति कंपनी के बाहर कांट्रेक्ट पर लगी बसों के परिचालकों राजपाल, रजत और अमित के बीच किसी बात काे लेकर हाथापाई हो गई थी। हाथापाई के दौरान धक्का लगने से एक परिचालक राजपाल गिर गया और नाले की स्लैब पर उसका सिर जा लगा जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी राजपाल के रूप में हुई है। जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। दो परिचालकों अजय और रजत के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ करने पर पता चल सकेगा कि उनके बीच किस बात पर हाथापाई हुई थी। उनके बीच कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी फर्रुखाबाद निवासी रजत को गिरफ्तार कर लिया गया है।