संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले में इन दिनों जिला पुलिस लोगों के सहयोग से नशा रोकने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत जिला पुलिस लगातार ग्रामीणों से आह्वान कर रही है कि वे लोगों को नशे से होने वाले नुकसान व अपराध के बारे में जागरूक करें। जिसकी बानगी जिले में दिखने भी लगी है। गांव स्तर पर पंचायतें हो रही हैं और ऐसे लोगों को नशे से दूरे रहने के लिए सख्त चेतावनी भी दी जा रही है। इसी तरह से बृहस्पतिवार की रात नूंह से लगते खेड़ला गांव में भी एक पंचायत आयोजित कर नशा बेचने वालों को सख्त हिदायत दी गई कि वे इस काम को छोड़ दें, अन्यथा उन्हें पुलिस के हवाले किया जाएगा।
वहीं दूसरी तरफ इस पंचायत में पुलिस के जागरूकता अभियान की आड़ में कुछ लोग कानून हाथ में लेने से भी नहीं चूक रहे है। कहने को तो गांव और पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक कर रहे है, लेकिन इस जागरूकता अभियान में उनकी भाषा व व्यवहार पंचायत के पंचों की तरह न होकर गुंड़ों जैसा है। ऐसा ही एक वीडियो बृहस्पतिवार की रात फेसबुक पर लाइव चला, जो नूंह से लगते खेड़ला गांव का बताया जा रहा है। इसमें खेड़ला गांव के सरपंच के भाई एवं सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रफीक हथौड़ी नशा बेचने वालों को समझाते दिखाई दे रहे है। जबकि इस वीडियो में कुछ लोग नशा बेचने वालों को गंदी-गंदी गालियां देने के साथ ही उन्हें पीटते भी दिखाई दे रहे है।