संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। आशा वर्कर यूनियन हरियाणा की जिला कमेटी ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 1 से 3 दिसंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल करने का निर्णय लिया है। इस दौरान जिले की आशा वर्कर सीटू के आह्वान पर दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय देशव्यापी पड़ाव में शामिल होंगी। मंगलवार को देवीलाल पार्क में जिला प्रधान जगबती डागर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पलवल को हड़ताल का नोटिस सौंपा गया और स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
बैठक को यूनियन की राज्य प्रधान सुरेखा और उपप्रधान सुधा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से आशा वर्करों को कर्मचारी का दर्जा देकर न्यूनतम 42 हजार रुपये मासिक वेतन, 21 हजार रुपये पेंशन और सामाजिक सुरक्षा के सभी लाभ देने की मांग की।
उन्होंने 45वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशें लागू करने, स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण पर रोक लगाने, चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने और उचित पारिश्रमिक के बिना ऑनलाइन कार्य बंद करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा वर्ष 2025 में घोषित 1500 रुपये की मानदेय वृद्धि को तत्काल लागू करने की मांग की।
सीटू की जिला प्रधान रामरती चौहान और आशा वर्कर यूनियन की जिला प्रधान जगबती डागर ने कहा कि सरकार की उपेक्षा के कारण आशा वर्करों को अपने अधिकारों के लिए बार-बार आंदोलन करना पड़ रहा है। केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाले हिस्से का भुगतान भी कई-कई महीने तक नहीं किया जाता। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से आशा वर्करों की लंबित स्थानीय मांगों और समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की। बैठक में सविता, पपीता, पिंकी, अनिता, अमला और रोशनी सहित अन्य आशा वर्कर मौजूद रहीं।