गुरुग्राम। ट्रैफिक पुलिस ने साइबर सिटी में होने वाली वाहन दुर्घटनाओं को कम करने और खुद और दूसरों की जान को खतरा कम करने के लिए ‘लेन ड्राइविंग’ अभियान शुरू किया है। ट्रैफिक पुलिस ने इसकी शुरुआत पहले सिरहौल बॉर्डर से लेकर खेड़कीदौला टोल प्लाजा तक की थी जिसे बढ़ाकर अब रेवाड़ी के कापड़ीवास तक कर दिया गया है।
ट्रैफिक पुलिस की 15 टीमें केवल दिल्ली-जयपुर हाइवे पर 42 किमी के बीच लगी हैं। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने यह नियम गुरुग्राम से फरीदाबाद जाने वाले मार्ग पर भी लागू किया है। इसकी शुरुआत करीब ढाई माह पहले की गई थी। ट्रैफिक पुलिस की ओर से छह हजार वाहनों का चालान लेन तोड़ने के आरोप में किया है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारी के अनुसार, उद्योग विहार, मानेसर, सेक्टर-37 व अन्य ट्रक यूनियन, ट्रांसपोर्टर, स्टैंड पर चालकों को लेन में चलने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि वे अपने वाहन लेन में ही लेकर चलें। इससे दुर्घटनाएं कम होंगी, लोगों की जान को खतरा कम होगा। साथ ही जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। छोटे वाहनों को निकलने में गति मिलती है।
इसे भी जाने
: लेन में न चलने वाले वाहनों को 1500 रुपये का जुर्माना देना पड़ता है।
: तीन बार चालान होने पर वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त होगा।
: लेन में चलने के लिए गुरुग्राम से फरीदाबाद व सिरहौल बॉर्डर से कापड़ीवास तक के मार्ग का हुआ है चयन।
वाहन दुर्घटना को कम करने के लिए ‘लेन ड्राइविंग’ अभियान दोबारा से शुरू किया गया है। अब तक लगभग छह हजार वाहनों का चालान किया जा चुका है। जल्द ही अन्य प्रमुख मार्ग पर भी इसकी शुरुआत की जाएगी।
- आरएस तोमर, डीसीपी ट्रैफिक गुरुग्राम।