दिल्ली से सटे ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है, कई हाइराइज सोसाइटियां बसी है
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। साल के अंत तक ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बेहतर हो जाएगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र के लिए करीब 20 एमएलडी पानी सप्लाई शुरू करने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है। दिल्ली से सटे ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है और यहां कई हाईराइज सोसाइटियां हैं।
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित ग्वाल पहाड़ी विकास योजना-2021 के तहत जीएमडीए पेयजल सप्लाई बेहतर करने के लिए बूस्टिंग स्टेशन बनवा रहा है, जिसका 40 फीसदी कार्य पूरा हो रहा है। जीएमडीए के अनुसार, 4000 किलोलीटर क्षमता वाले बूस्टिंग स्टेशन निर्माण चल रहा है। इसमें टैंक बन गया और अन्य कार्य कार्य किए जा रहे हैं। 70 लाख रुपये की परियोजना को अक्तूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
सोसाइटियों को मिलेगी शोधित नहरी पानी की सुविधा
ग्वाल पहाड़ी में करीब 20 एमएलडी पानी सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन से दिया जाएगा। इससे ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र की दर्जन सोसाइटियों में शोधित नहरी पानी की सुविधा मिल सकेगी। जीएमडीए सोसाइटियों में खुद पानी कनेक्शन देगा जबकि अन्य क्षेत्र में नगर निगम के माध्यम से पानी की सप्लाई होगी। जीएमडीए का 100 एमएलडी का नया संयंत्र चंदू बुढ़ेरा में शुरू हुआ है। इसमें से करीब 20 एमएलडी पानी ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में दिया जाएगी। स्थानीय निवासी इंद्रसिंह अरोड़ा व संदीप अरोड़ा ने बताया कि क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। कई बिल्डरों के प्रोजेक्ट आ रहे हैं। ऐसे में नगर निगम को सड़क, सीवर-पानी की सुविधा को बेहतर करने की जरूरत है। यहां पर अभी पानी सप्लाई की बेहतर सुविधा नहीं है और काफी भूजल दोहन हो रहा है। इससे भूजल दोहन भी रुकेगा।
सोहना में भी पानी सप्लाई
एचएसवीपी ने सोहना क्षेत्र में आवासीय सोसाइटियों सात एमएलडी पानी की आपूर्ति करने के लिए सोहना रोड के दोनों ओर दो बूस्टिंग स्टेशन बनाने का फैसला किया है। एचएसवीपी की प्रशासक वैशाली सिंह ने कहा कि घामड़ौज में जल उपचार संयंत्र से आवासीय क्षेत्रों में उपचारित पानी की आपूर्ति करने की योजना है। घामड़ौज में अभी 27 एमएलडी पानी ट्रीट होता है। अधिकारियों के अनुसार, घामड़ौज गांव में 27 एमएलडी 14 किमी दूर सोहना शहर और रोजका मेव में पानी की आपूर्ति की जाती है। प्राधिकरण भूमिगत जल टैंक बनाने के लिए सोहना राजमार्ग के दोनों ओर एक एकड़ के भूखंड की तलाश कर रहा है, जहां पर दो बूस्टिंग स्टेशन बनने हैं। यहां से हाउसिंग सोसाइटियों और मोहल्लों में पानी की आपूर्ति की जाएगी।