क्रासर- विरोध-प्रदर्शन से पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों में हड़कंप, 2 घंटे डटे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी नगीना।
कस्बा नगीना में पेयजल किल्लत से परेशान कई मोहल्लों की सैंकड़ों महिलाओं और लोगों ने बूस्टरों पर शुक्रवार को हंगामा किया। दो घंटे तक चले विरोध-प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पेयजल बूस्टरों पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों ने चैंबरों के ढक्कन खोलकर अपनी नाराजगी जताई।
नगीना पूर्व सचिव मुबीन खान, इंसाफ मोहम्मद, रिजवान एडवोकेट, सलीम अहमद समेत कई लोगों ने बताया कि 9 महीने से केबल खराब पड़ी है। बताया कि तीन मोहल्ले अभी भी प्यासे हैं। फखरपुर खोरी के 3 ट्यूबवेलों पर मोटर और कनेक्शन नहीं हुआ है जिससे टैंकों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पाता है। उनके मोहल्लों में 15 दिनों से पानी नहीं पहुंचा है। घटना की गंभीरता समझते हुए पब्लिक हेल्थ के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। लेकिन गुस्साए ग्रामीण प्रदर्शन करने से पीछे नही हटे।
वहीं सलीमन, मरियम, ओमवती, रामवती और सरीफन ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से 3 वार्डों में पानी नहीं आया है जिससे रोजमर्रा के कार्य बाधित हुए हैं। महिलाओं ने कहा कि पब्लिक हेल्थ के चेंबरों में शराब की बोतलें मिली है। चेंबर के ढक्कन टूटे हुए हैं।
दो घंटे तक बूस्टर पर नारेबाजी कर किया विरोध प्रदर्शन-
विभाग की लापरवाही को देखते हुए कस्बे के लोगों का गुस्सा फूट गया और करीब दो घंटे तक सरकार व विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि बीते 15 दिन से विभागीय अधिकारियों को बूस्टर चालू करने के लिए बोला गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाई।
मामले की सूचना मिलने के बाद इनेलो नेता मोहम्मद हबीब मौके पर पहुंचे और गुस्साए ग्रामीणों को शांत कराया। उन्होंने अधिकारियों को फोन पर जरूरी निर्देश दिए। स्थानीय अधिकारियों ने फोन पर आश्वासन दिया कि खराब केबल बदली जाएगी। समस्या का तत्काल समाधान करने के लिए इनेलो नेता मोहम्मद हबीब ने मोहल्ले वासियों को अपनी जेब से 7 हजार रुपए निकाल कर नगद दिए।
करीब 15 दिन पहले बूस्टर नंबर एक की केबल फुंक जाने के कारण पानी सप्लाई बंद हो गई थी। इसके बारे में विभाग के जेई और एसडीओ को अवगत कराया। लेकिन आश्वासन के अलावा समाधान नहीं हो पाया था।
-मुबीन, पूर्व सेक्रेटरी नगीना।
समस्या का समाधान न होने के बाद शुक्रवार को खटीक मोहल्ला, हरिजन मोहल्ला, ऊपर का मोहल्ला के लोगों ने बूस्टर पर जमा होकर अपना रोष प्रकट किया। महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
-उमरदीन, नगीना।
15 दिन तक पानी की सप्लाई न मिलने के कारण महिलाओं को दूर से पानी लाना पड़ रहा था। कुछ लोग खरीद कर पानी पीने को मजबूर हो गए थे। समस्या के बारे में अवगत कराने के बावजूद समाधान ना करवाना विभाग की लापरवाही को दर्शा रहा था।
-बिलाल, ग्रामीण नगीना।
बूस्टर की केबल खराब हो जाने के कारण पानी सप्लाई बंद हो गई थी। जिसे आज ठीक कर दिया गया है। पानी की किल्लत के चलते ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया लेकिन उन्हें समझा कर पानी सप्लाई शुरू कर दी गई है।
-सुरेंद्र, एसडीओ पब्लिक हेल्थ नगीना।