मेयर और विधायक ने किया साउथ सिटी वन में स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास, 7.50 करोड़ होंगे खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के विकास को नई दिशा देते हुए मेयर राजरानी मल्होत्रा और विधायक मुकेश शर्मा ने साउथ सिटी-1 में करीब 7.50 करोड़ की लागत से बनने वाली स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इस स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट के अंतर्गत सेंट्रल एवेन्यू रोड को बेहतर किया जाएगा। इसमें सड़क का सुदृढ़ीकरण, ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट्स, फुटपॉथ, साइनेज और सीसीटीवी कैमरे जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
यह सड़क केवल यातायात सुविधा नहीं बढ़ाएगी, बल्कि साउथ सिटी-1 को एक स्मार्ट और सुरक्षित क्षेत्र के रूप में परिवर्तित करेगी। यह प्रोजेक्ट क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के साथ-साथ आमजन के लिए सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार लाएगा। विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि गुरुग्राम के नागरिकों को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर देना संकल्प है। यह स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट इस क्षेत्र के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी की दिशा में अग्रसर करने के लिए अनेक योजनाओं पर तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में और भी विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी। मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि शहर में सीवर-पानी और सड़क को बेहतर करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को जल्द ही कार्य होते दिखाई देंगे। इस मौके पार्षद आरती अनिल यादव, सतीश सरपंच, सुनील मित्तल समेत अन्य उपस्थित रहे।