हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आई-कैट मानेसर में राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि हरियाणा में पहली बार शहरी स्थानीय निकायों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित हो रहा है। राष्ट्रीय महत्व के इस सम्मेलन में आने वाले डेलिगेट्स गुरुग्राम से अच्छा अनुभव लेकर लौटे, इसके लिए पूरा आयोजन अतिथि देवों भव: की परम्परा के भाव के साथ आयोजित होना चाहिए। उन्होंने यह बात रविवार की शाम राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा के लिए इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आई-कैट) मानेसर में लोकसभा, हरियाणा विधानसभा एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कही।
शहरी विकास की रूप रेखा तय करने का यह महत्वपूर्ण सम्मेलन जुलाई के पहले सप्ताह में 3 व 4 तारीख को आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 500 से अधिक प्रतिनिधि (डेलिगेट्स) भाग लेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इस सम्मेलन की मेजबानी हरियाणा विधानसभा को सौंपे जाने से प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यप्रणाली और आतिथ्य परंपरा को प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। देश में यह इस तरह का पहला कार्यक्रम है। हरियाणा का खानपान और सेवाभाव देशभर में प्रसिद्ध है। इस सम्मेलन में जब देश के कोने-कोने से प्रतिनिधि हरियाणा आएंगे, तो हम उन्हें केवल प्रशासनिक दक्षता ही नहीं, बल्कि एक सजीव, सशक्त और सुसंस्कृत हरियाणा का अनुभव कराएंगे।
इस मौके उपायुक्त अजय कुमार, निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, विधानसभा के सचिव डाॅ. सतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष के सलाहकार राम नारायण यादव, डीसीपी हेडक्वार्टर दीपक, डीसीपी ट्रैफिक डॉ राजेश मोहन, एडीसी एवं आयोजन के नोडल अधिकारी वत्सल वशिष्ट, योगेश कुमार, सीटीएम रविंद्र कुमार व लोकसभा सचिवालय से निदेशक डाॅ. जूबी अमर सहित अन्य उपस्थित रहे।
हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन पर लगेंगे हेल्प डेस्क
दिल्ली एयरपोर्ट और नई दिल्ली एवं गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर लोकसभा सचिवालय के सहयोग से हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। वहीं, गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से पूरे कार्यक्रम की निगरानी और समन्वय होगा। इसके अतिरिक्त एक कंट्रोल रूम आयोजन स्थल पर बनाया जाएगा। बैठक में डीसी अजय कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने डेलिगेट्स के ठहरने, यातायात प्रबंधन व सुरक्षा इंतजामों को लेकर कार्य प्रारंभ कर दिया है।