एनएचएआई के बजाय अब जीएमडीए को परियोजना आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी
नंबर गेम -2.2 किमी लंबा कॉरिडोर बनाने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक 2.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड की योजना को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के लिए सलाहकार नियुक्त करेगा। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना की लागत और निर्माण संबंधी अन्य जानकारी स्पष्ट होगी।
पहले इस परियोजना को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना थी। अब इसकी जिम्मेदारी जीएमडीए ने संभाली है। एलिवेटेड रोड बनने से इस मार्ग पर यातायात सुगम होगा। इससे वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। जीएमडीए फिलहाल सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया पर काम कर रहा है। मुख्य अभियंता प्रवीन कुमार ने बताया कि इस परियोजना को जल्द सिरे चढ़ाया जाएगा और इसके लिए डीपीआर तैयार कराया जाएगा।
परियोजना में हो चुके हैं कई बदलाव
हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क निर्माण का मामला कई साल से लंबित है। परियोजना के स्वरूप में कई बार बदलाव हुए हैं। यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए इसे एलिवेटेड रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के पहले एलिवेटेड हिस्से पर करीब 182 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि पूरी परियोजना की लागत 400 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच सकती है।