न्यू काॅलोनी थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में पर्ल डेंटल क्लिनिक पर दांतों का उपचार कराने आई महिला के साथ डॉक्टर द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इस दौरान पीड़ित महिला का पति क्लिनिक में काउंटर के पास बैठा हुआ था। पीड़ित महिला की शिकायत पर न्यू कॉलोनी थाने में धारा 75(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिहार मूल की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-4 क्षेत्र में परिवार के साथ रहती है। उसे दांतों में दर्द हुआ तो वह 15 फरवरी को न्यू कॉलोनी स्थित पर्ल डेंटल क्लिनिक में पहुंची। क्लिनिक में दांतों की जांच के दौरान डॉक्टर धीरज मेहता ने गलत हरकतें व छेड़छाड़ की। पीड़ित महिला ने अपनी कानूनी सलाहकार के साथ न्यू कॉलोनी थाने में शिकायत दी।
मामले में जांच अधिकारी एएसआई पिंकी के मोबाइल पर बात की गई तो उन्होंने मामले को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। न्यू कॉलोनी थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर तेजपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।