सामान्य समस्या या कमजोरी समझना पर सकता है भारी, साल में एक बार जांच जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कैंसर के ज्यादातर मामलों में मरीजों को बीमारी का पता तीसरी और चौथी स्टेज में चलता है। इसकी बड़ी वजह शरीर में होने वाली छोटी-मोटी परेशानियों को नजरअंदाज करना है। लोग शुरुआत में पेट दर्द, गांठ, लगातार खांसी, बिना कारण वजन कम होने और अन्य लक्षणों को सामान्य समस्या या कमजोरी समझकर उपचार नहीं कराते। जब परेशानी बढ़ती है, तब तक बीमारी गंभीर रूप ले चुकी होती है। इसलिए लोगों को साल में एक बार बॉडी चेकअप करवाना चाहिए, ताकि शरीर में हो रहे बदलाव के बारे में पता लगाया जा सके। डॉक्टरों का कहना है कि शुरुआती लक्षणों को समय रहते पहचान कर जांच कराना बेहद जरूरी है।
सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल के सर्जरी विभाग में रोजाना कैंसर संबंधी शिकायतों के साथ करीब पांच मरीज पहुंच रहे हैं। इसके अलावा अस्पताल के अलग-अलग विभागों में भी कैंसर के मरीज परामर्श और उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल में कैंसर की पहचान के लिए बायोप्सी, पैप स्मीयर, स्टूल जांच, पीएसए जैसी अन्य जांच की सुविधा उपलब्ध है। डॉक्टरों के अनुसार बायोप्सी के माध्यम से शरीर में मौजूद संदिग्ध गांठ या ऊतक की जांच कर कैंसर की पुष्टि की जाती है।
नागरिक अस्पताल के जरनल सर्जन डॉ. सौरभ ने बताया कि बीमारी का शुरुआती चरण में पता चलने पर उपचार की संभावना बेहतर रहती है। इसलिए शरीर में किसी भी तरह का असामान्य बदलाव लंबे समय तक बना रहे तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से बीमारी को गंभीर अवस्था में पहुंचने से रोका जा सकता है।