सोहना। गुरुग्राम के डिविजनल कमिश्नर रवि प्रकाश गुप्ता ने मंगलवार को अनाज मंडी में पहुंचकर सरकारी गेहूं की खरीद का निरीक्षण किया और किसानों व आढ़तियों की समस्याओं को भी सुना। आढ़तियों ने लिफ्टिंग कम होने की परेशानी बताई। वहीं, डिविजनल कमिश्नर ने लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाने के फरमान दिए हैं ताकि आढ़तियों व किसानों को मंडी में फसल रखने में परेशानी न आए।
डिविजनल कमिश्नर ने सर्वप्रथम अनाज मंडी गेट पर स्थापित टोकन बूथ पर पहुंचकर कर्मचारियों से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने किसानों द्वारा मंडी में लाई जा रही गेहूं की फसल की आद्रता, गेहूं की आवक, खरीद के नियम, उठान आदि के बारे में विस्तार से पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान आढ़ती विकास गुप्ता ने गेहूं की कम लिफ्टिंग होने की परेशानी बताई। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्टर ने लिफ्टिंग के लिए मात्र 5 वाहन ही लगाए हुए हैं। इस कारण कट्टों का उठान नहीं हो रहा है। उन्होंने लिफ्टिंग कार्य में 10 वाहन लगाने की मांग भी की थी। वहीं, डिविजनल कमिश्नर ने लिफ्टिंग कार्य में ट्रांसपोर्टर द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के आदेश दिए हैं। डिविजनल कमिश्नर मंडी में करीब 30 मिनट तक रहे। इस अवसर पर मार्केट कमेटी अध्यक्ष दयाराम लोहिया, एसडीएम अखिलेश यादव, सचिव दिनेश श्योकंद, अकाउंटेंट प्रदीप मौजूद रहे।