एचएसआईआईडीसी भवन के पास नमो भारत का स्टेशन प्रस्तावित
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) की बोर्ड बैठक चंडीगढ़ में सोमवार को हुई। इसमें गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में आ रहीं अड़चनों को जल्द दूर करने, आरआरटीएस के साइबर सिटी स्टेशन की जगह बदलने, मेट्रो यार्ड और जमीन संबंधी कार्याें को जल्द पूरा करने पर चर्चा हुई। जीएमआरएल इसी माह से मेट्रो निर्माण पर कार्य शुरू करने जा रहा है।
जीएमआरएल की ओर से गुरुग्राम में मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक 28.5 किमी लंबी मेट्रो परियोजना का निर्माण किया जाना है। जीएमआरएल ने पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर नौ तक कॉरिडोर निर्माण का ठेका दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड और रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को दिया है। निर्माण कार्य और कॉरिडोर में अड़चन समेत अन्य मामलों पर बोर्ड बैठक में चर्चा हुई। मेट्रो डिपो के लिए सेक्टर 33 में 43 एकड़ जमीन देने और 25 एकड़ जमीन कास्टिंग यार्ड बनाने पर चर्चा की गई। कॉरिडोर में आ रहे मकानों व जमीन के अधिग्रहण समेत अन्य मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। दूसरा साइबर सिटी में आरआरटीएस और ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन मामला सुलझाने पर चर्चा हुई। एचएसआईआईडीसी भवन के पास नमो भारत का स्टेशन प्रस्तावित है। यहां पर ट्रैफिक अधिक होने से भीड़ रहती है। एचएसआईआईडी से एनसीआरटीसी को ट्रैफिक प्लान देखकर स्टेशन के लिए जगह तय करने को कहा गया है। जीएमआरएल स्टेशन के लिए जगह तय करना चाहता है, जिससे डिजाइन तैयार कराया जाए। दिल्ली (सराय काले खां) और एसएनबी (शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड़ कॉम्प्लेक्स) के बीच आरआरटीएस कॉरिडोर (जिसे अब नमो भारत कहा जाता है) पर काम शुरू होना है। तीन जगहों पर गुरुग्राम मेट्रो और आरआरटीएस के स्टेशन मिलेंगे।