मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में डाली थी डकैती
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। शीतला माता रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में डकैती के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों काे रिमांड पूरा होने के बाद जेल भेज दिया गया है। तीनों से रिमांड के दौरान क्या-क्या जानकारी मिली और कितना सोना बरामद हुआ है पुलिस इस बारे में चुप्पी साधे हुए है। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपी भी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। गुरुग्राम पुलिस डकैती के मामले में अभी तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को 26 व 27 अगस्त को गिरफ्तार किया था। इनमें रोहतक जिले के बलम्बा गांव निवासी मुनीष उर्फ अन्नू को 26 अगस्त को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया था। झज्जर जिले के जाखौदा गांव निवासी मोहित को 26 अगस्त को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया था। जींद जिले के खोखरी गांव निवासी गुरमीत को 27 अगस्त को जींद से गिरफ्तार किया। तीनों को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में डकैती के मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही मामले में पूरा खुलासा किया जाएगा। पुलिस मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।