सार्वजनिक शौचालयों का अभाव, सड़कें बनीं पार्किंग, जाम से व्यापार ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। हरियाणा की सबसे बड़ी विधानसभा होने के बावजूद बादशाहपुर आज अपनी पहचान और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। करोड़ों के एलिवेटेड रोड के नीचे बसा यह क्षेत्र न तो कस्बा रह पाया और न ही आधुनिक शहर बन सका। यहां सिर्फ गंदगी का राज है जबकि विकास तो यहां नाम को नहीं है। क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों का अभाव है और व्यवस्थित पार्किंग न होने से लोग सड़कों पर वाहन खड़े करने को मजबूर हैं। परिणामस्वरूप, सर्विस रोड पर घंटों जाम लगा रहता है। नगर निगम की उदासीनता के कारण सफाई व्यवस्था बदहाल है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। विकास के दावों के बीच बादशाहपुर आज ट्रैफिक और गंदगी का पर्याय बनकर रह गया है।
लोग बोले - निगम सिर्फ टैक्स वसूलने में सक्रिय
बाजार में पार्किंग की जगह नहीं है। लोग सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने को मजबूर हैं, जिससे जाम लगता है और हमारा व्यापार चौपट हो रहा है। नगर निगम सिर्फ टैक्स वसूलने में सक्रिय है। - नवीन त्यागी, स्थानीय दुकानदार
एलिवेटेड रोड के नीचे की सर्विस रोड का हाल बेहाल है। सुबह ऑफिस जाते वक्त और शाम को लौटते वक्त सर्विस रोड पूरी तरह चोक रहती है। प्रशासन का ट्रैफिक मैनेजमेंट पर कोई ध्यान नहीं है। - स्नेहा यादव
यह विडंबना है कि इतनी बड़ी विधानसभा होने के बावजूद यहां ड्रेनेज और रोड प्लानिंग पर कोई काम नहीं हुआ। यहां खस्ताहाल सर्विस रोड और अतिक्रमण ही मुख्य समस्या है। - आर.के. सिंह
बादशाहपुर क्षेत्र में कोई भी सार्वजनिक शौचालय का प्रावधान नहीं है। सार्वजनिक शौचालय न होने से राहगीरों, खासकर महिलाओं को भारी असुविधा होती है। - विष्णु