गुरुग्राम। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने निष्क्रिय 33 केवी एवं 11 केवी बिजली लाइनों को हटाने के लिए सभी ऑपरेशन सर्किलों को निर्देश जारी किए हैं।प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार इस संबंध में मुख्य अभियंता, पीडी एंड सी कार्यालय द्वारा सभी ऑपरेशन के अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि निगम की होल टाइम डायरेक्टर्स (डब्ल्यूटीडी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। सभी एसई (ऑपरेशन) सर्कल तथा निर्माण सर्कल संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी 33 केवी लाइनों की पहचान करें, जो वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं या भविष्य में 33 केवी सब-स्टेशनों के मुख्य या वैकल्पिक स्रोत के रूप में उपयोग नहीं की जाएंगी। इसी प्रकार सभी सर्कलों को निष्क्रिय 11 केवी लाइनों की भी पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं, जो भविष्य में 11 केवी फीडरों के लिए उपयोग में नहीं लाई जानी हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि ऐसी लाइनों की पहचान के बाद संबंधित अधिकारी सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेकर नियमानुसार उनको हटाने (डिस्मेंटलमेंट) की कार्रवाई सुनिश्चित करें। ब्यूरो