गुरुग्राम। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) से जुड़े चिकित्सकों ने धन्वंतरि पूजा एवं वार्षिक पारिवारिक समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम हरि मंदिर संस्थाओं के संचालक महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीएमओ डाॅ. वीरेंद्र बसवाना, डिप्टी सीएमओ डाॅ. अनुज गर्ग, नीमा के अध्यक्ष डाॅ. मोहित ढींगड़ा, पूर्व अध्यक्ष डाॅ प्रीतम मेहरा, डाॅ. टीएन आहूजा समेत अन्य सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित किया।
महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज ने कहा कि देवासुर संग्राम में समुद्र मंथन के समय 14 रत्नों में से एक भगवान धन्वंतरि औषध कलश लिए प्रकट हुए, ताकि रोगी होने पर व्यक्ति की चिकित्सा की जा सके। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति दूसरों के लिए जीने का मार्ग दिखाती है और दूसरों के लिए जीने वाला देवतुल्य होता है। अपने कर्तव्य का पालन करने वाले चिकित्सक भी देव तुल्य ही होते हैं। सिविल सर्जन डाॅ. वीरेंद्र बसवाना ने भगवान धन्वंतरि का नमन किया और आयुर्वेद चिकित्सकों से अपील की कि वे रोगी एवं रोगी सेवा को हमेशा प्रथम समझे। आयोजन में वरिष्ठ चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया। संवाद