संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए) ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से नियमित संवाद स्थापित करने की मांग की है। बुधवार को जीआईए प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने पर्यावरणीय नियमों के अनुपालन में आ रही समस्याओं के समाधान पर चर्चा की।
जीआईए अध्यक्ष सुमित राव ने कहा कि गुरुग्राम एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र है। यहां की इकाइयां रोजगार और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने प्रदूषण बोर्ड और उद्योगों के बीच नियमित संवाद का सुझाव दिया। जीआईए के निवर्तमान अध्यक्ष जेएन मंगला ने सहयोगात्मक दृष्टिकोण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमों में कमी होने पर सुधार का अवसर मिलना चाहिए। मंगला ने पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास को एक-दूसरे का पूरक बताया। जीआईए ने बोर्ड से समन्वय बढ़ाकर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।