हादसे में कार पलटी, मौके से भाग गया चालक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी स्कूटी पर बैठकर आईसक्रीम खा रहे एक डिलीवरी बॉय को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में डिलीवरी बॉय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों से मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में कार भी पलट गई। मृतक युवक के पिता की शिकायत पर झाड़सा चौकी पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पश्चिम बंगाल के वैष्णव नगर, मालदा निवासी सुशील सरकार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम में अपनी पत्नी व बेटे अंकुर के साथ रहता है। उसका बेटा अंकुर डिलीवरी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। बीते रविवार की शाम करीब चार बजे घर से खाना खाने के बाद अंकुर अपनी स्कूटी से झाड़सा से सेक्टर-38 की ओर गया था। रास्ते में अंकुर सड़क किनारे अपनी स्कूटी को खड़ी कर उस पर बैठकर आईसक्रीम खा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने पीछे से उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी और कार भी मौके पर ही पलट गई। इसके बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।