नूंह। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुवार को नूंह में जिला कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, नूंह विधायक आफताब अहमद, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास और फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान व नवनियुक्त जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक शहीदा खान भी मौजूद रहे।
दीपेंद्र हुड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 11 साल तक संगठन न होने के बावजूद नूंह के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संघर्ष और मेहनत से पार्टी को मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने जिले की जिम्मेदारी पूर्व विधायक शहीदा खान को दी है, जिन्होंने पार्टी के लिए दिन-रात काम किया है। उनसे पहले महताब अहमद ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और हम मेवात की चारों सीट बड़े अंतर से जीते।भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी के साथ-साथ बीपीएल कार्डों का बड़ा घोटाला सामने आया है। उन्होंने बताया कि 2023 में बीपीएल कार्डधारकों की संख्या 27 लाख थी, जिसे चुनाव से पहले बढ़ाकर 51 लाख कर दिया गया, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही 11 लाख परिवारों के कार्ड काट दिए गए। हुड्डा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।