एसई स्तर पर रोजाना मॉनिटरिंग और व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजीवाई) की प्रगति में इस माह आई गिरावट पर चिंता जताई है। उन्होंने अधिकारियों को योजना की रफ्तार तत्काल तेज करने के सख्त निर्देश दिए हैं। सेवा संकल्प माह के दौरान योजना के प्रदर्शन में कमी को गंभीरता से लिया गया है।
उच्च स्तर पर भी योजना की प्रगति की निगरानी बढ़ गई है। आरईसी के अध्यक्ष ने भी प्रदर्शन में गिरावट का विशेष रूप से उल्लेख किया है। केंद्र सरकार और आरईसी लगातार योजना की प्रगति पर नजर रख रहे हैं। ऐसे में निगम स्तर पर लंबित मामलों को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर है। योजना की पहुंच पात्र उपभोक्ताओं तक बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। एमडी विक्रम सिंह ने कहा कि प्रगति केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि पात्र उपभोक्ताओं तक वास्तविक लाभ पहुंचने के रूप में दिखनी चाहिए। आवेदन से लेकर सोलर प्लांट की स्थापना और बिजली कनेक्शन तक प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी हो। जहां भी प्रक्रिया में देरी हो, तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
समीक्षा के बजाय फील्ड में सक्रिय भूमिका निभानी होगी
सभी अधीक्षण अभियंताओं (एसई), कार्यकारी अभियंताओं (एक्सईएन) और उपमंडल अधिकारियों (एसडीओ) को अपने क्षेत्रों में योजना की प्रगति की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करनी होगी। अधिकारियों को प्रतिदिन आवेदन, सोलर प्लांट स्थापना, बिजली कनेक्शन और लाभार्थियों की प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया है। एमडी के निर्देशों के अनुसार, अधिकारियों को कार्यालय स्तर की समीक्षा के बजाय फील्ड में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। जिन क्षेत्रों में अपेक्षित गति नहीं आ रही, वहां विशेष अभियान चलाकर लंबित मामलों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।