सेक्टर 4 वैश्य धर्मशाला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्री क़ृष्ण जन्म की झांकी
सेक्टर-4 वैश्य धर्मशाला में आयोजित श्री मद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्म कथा सुनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुुरुग्राम। ब्रजरस गो सेवा समिति द्वारा सेक्टर-4 स्थित वैश्य समाज धर्मशाला में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन व्यासपीठ से पंडित मनमोहन ब्रजवासी ने श्री कृष्ण जन्म और श्री राम चरित्र का वर्णन किया। श्री कृष्ण जन्म का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि कंस के कारागार में मथुरा में अष्टमी की मध्य रात्रि में भगवान का अवतार हुआ और वासुदेव जी ने उफनती यमुना को पार करके उन्हें नंद बाबा और यशोदा मैया के पास पहुंचाया तथा वहां से योगमाया को लाकर देवकी के पास सुला दिया।
कथा स्थल पर श्री कृष्ण जन्म की झांकी प्रस्तुत की गई। नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की.....महिलाओं के बधाई और मंगल गीत से कथा स्थल गूंज उठा। उन्होंने कहा कि युद्ध के शुरू होने पर भगवान कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से विश्व को गीता का ज्ञान दिया। गीता हमें कर्मयोग की शिक्षा देती है। पांच हजार वर्ष से अधिक पहले दिये हुए इस महान ग्रंथ में आज के अशांत मानव की सभी समस्याओं का समाधान है। गीता के समान कोई दूसरा ग्रंथ या शास्त्र नहीं है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि परमिंदर कटारिया, दिनेश बाबू गर्ग, विनय गर्ग, ब्रजरस समिति के चेयरमैन राजवीर यादव, प्रधान अजय मंगला,महासचिव विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लाल चंद गोयल, राम अवतार शर्मा, वैश्य समाज के चेयरमैन सुंदरदास अग्रवाल आदि मौजूद थे।
सेक्टर 4 वैश्य धर्मशाला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्री क़ृष्ण जन्म की झांकी