पचगांव से पलवल तक बदली जाएंगी स्ट्रीट लाइटें, वाहन चालकों को मिलेगी राहत
नंबर गेम- 05 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर अंधेरे की समस्या जल्द दूर होने वाली है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने पचगांव से पलवल तक स्ट्रीट लाइटों को सुधारने और नई लाइटें लगाने की योजना तैयार की है। इस काम पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
निगम की ओर से इस प्रोजेक्ट के लिए सर्वे किया जा रहा है, जिसमें उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है जहां रात के समय ज्यादा अंधेरा रहता है। एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों ने बताया कि खासकर केएमपी के पहाड़ी इलाकों में रोशनी की कमी अधिक है। इसके अलावा कई जगह ऐसे कट और मोड़ हैं, जहां लाइट की कमी के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसे का खतरा बना रहता है।
योजना के तहत पुरानी स्ट्रीट लाइटों को हटाकर नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रोशनी बेहतर होगी और बिजली की बचत भी होगी। साथ ही, जो पोल खराब या मुड़े हुए हैं, उन्हें ठीक किया जाएगा। जहां जरूरत होगी, वहां नए पोल भी लगाए जाएंगे, ताकि पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी मिल सके।
इसके अलावा खराब पड़े बिजली पैनलों को भी ठीक किया जाएगा, ताकि लाइटिंग सिस्टम सुचारू रूप से काम कर सके। एचएसआईआईडीसी जल्द ही इस प्रोजेक्ट का एस्टीमेट तैयार कर टेंडर की मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजेगा।
केएमपी एक्सप्रेसवे पर जल्द ही खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला जाएगा और नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए विभाग की ओर से एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। पचगांव से पलवल तक पूरे मार्ग का सर्वे किया जा रहा है, ताकि जहां-जहां अंधेरा है वहां नई लाइटें लगाई जा सकें। -
दिनेश, सीनियर मैनेजर इलेक्ट्रीशियन, एचएसआईआईडीसी