एआई आधारित नेत्र जांच मशीन, न्यू बॉर्न सिक यूनिट, फिजियोथैरेपी व लैब शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। डाढ़ा गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार को कई नई स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत की गई। सीएचसी में न्यू बॉर्न सिक यूनिट, एआई युक्त नेत्र रोग जांच मशीन, फिजियोथैरेपी यूनिट और आधुनिक लैब का उद्घाटन किया गया। इन सुविधाओं के शुरू होने से अब लोगों चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके साथ यह सीएचसी अब गौतमबुद्ध नगर का पहला ऐसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बन गया है जहां एआई तकनीक आधारित आंखों की जांच, फिजियोथेरेपी और न्यू बॉर्न सिक यूनिट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीजों को ये सुविधाएं बेहद कम शुल्क, लगभग एक रुपये में उपलब्ध कराई जाएंगी। सीएचसी प्रभारी डॉ. नारायण किशोर ने बताया कि अब मरीजों की आंखों की जांच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक की मदद से की जाएगी। इससे आंखों की बीमारियों की पहचान तेजी और सटीकता से हो सकेगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में न्यू बॉर्न सिक यूनिट शुरू होने से शिशुओं को बेहतर इलाज मिल सकेगा और गंभीर स्थिति में उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर करने की जरूरत कम पड़ेगी। अस्पताल में आधुनिक लैब से सीबीसी, बायोकेमिस्ट्री, किडनी, लिवर, कोलेस्ट्रॉल सहित कई अन्य आवश्यक जांचें निशुल्क की जाएंगी।
-
30 से 35 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
डॉ. नारायण किशोर ने बताया कि इन सुविधाओं की स्थापना सीएसआर फंड के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि इन नई यूनिट्स के शुरू होने से आसपास के 30 से 35 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। हर महीने करीब आठ हजार मरीज सीएचसी में इलाज के लिए पहुंचते हैं।