संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। बरसात के बाद खेतों में भरे पानी से फसलों को नुकसान पहुंचना शुरू हो गया है। क्षेत्र के कालियावास, सुल्तानपुर, खेड़ा झांझरौला, इकबालपुर और मांकडौला गांवों के खेतों में किसानों की बाजरे की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। फसल खराब होने से बाजरे की पूली (चारे) की उम्मीद भी नहीं रही।
मांकडौला में कई सौ एकड़ धान की फसल नहरी पानी से डूब गई। इसको लेकर किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि फसलों की तुरंत प्रभाव से विशेष गिरदावरी कराई जाए और किसानों की खराब हुई फसलों का उचित मुआवजा दिया जाए।
गांव के किसान चरण सिंह, कालियावास गांव के किसान मोहरसिह, रामफल, प्रहलाद, रतिराम, रामबीर, जयभगवान फौजी, बलवंत, सुल्तान आदि किसानों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिन से हो रही बरसात ने बाजरे की फसलों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। अभी भी खेतों में पानी भरे होने से उन्हें चारा भी नहीं मिल पा रहा है । मांकडौला गांव के खेतों में ड्रेन नंबर आठ का पानी मांकडौला से धनकोट रोड के दोनों तरफ धान की फसल में पानी भर जाने से फसल गलने लगी है ।