- आरोपी ने दुकान, खोखे और झुग्गी बनाकर किया था सरकारी जमीन पर कब्जा
- आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं आबकारी अधिनियम और अवैध वसूली के मामले
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस ने बुधवार को कासन गांव में अपराधी बलबीर उर्फ छल्ला द्वारा सरकारी जमीन पर किए कब्जे को ध्वस्त कर दिया।। अपराध शाखा पालम विहार की पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकान, खोखे और झुग्गी बनाई थी। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम और वसूली के आठ मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि मानेसर के कासन गांव निवासी बलबीर उर्फ छल्ला का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस की जांच में सामने आया कि वह सरकारी जमीन पर दुकान, खोखे, झुग्गियां बनाकर अवैध रूप से किराया वसूल रहा था और इन पैसों का प्रयोग अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए करता था।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस भूमि माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। सरकारी जमीन पर कब्जों के संगठित नेटवर्क पर प्रहार किया जा रहा है। अन्य अपराधारियों के रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है ताकि पता चल सके कि उन्होंने कितनी सरकारी जमीन पर कब्जा किया है। -संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता