पांच हजार के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार
बदमाश के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में दर्ज है आधा दर्जन मुकदमे
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। गुरुग्राम के फर्रुखनगर थाने में करीब तीन वर्ष पहले दर्ज मुकदमे में नामजद तथा पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को पलवल एसटीएफ टीम ने बड़कली चौक से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा व राजस्थान के अलग-अलग थानों में करीब आधा दर्ज मुकदमे दर्ज है। पलवल एसटीएफ ने उसे फरुखनगर थाना पुलिस सौंप दिया, जहां आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नूंह सदर थाना क्षेत्र के गांव पल्ला निवासी शौकीन उर्फ काला के खिलाफ गुरुग्राम के फर्रुखनगर थाने में 15 जून 2022 को हत्या के प्रयास तथा हरियाणा गौ संवर्धन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त गुरुग्राम द्वारा 23 जुलाई 2025 को पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फर्रुखनगर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।