जेल की डिस्पेंसरी में दवा लेने जा रहे कैदी से मारपीट
चार अन्य कैदियों ने किया हमला, कान और पीठ पर लगी चोटें, जेल वार्डन ने बचाया,
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जेल की डिस्पेंसरी में दवा लेने जा रहे एक कैदी को चार कैदियों ने पीट दिया। जेल वार्डन ने उसे किसी तरह से बचाया। इसकी शिकायत भोंडसी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मारपीट के मामले का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार, हवालाती बंदी भिवाड़ी राजस्थान निवासी विनोद उर्फ कोरिया की तबीयत खराब थी। उसे जेल में तैनात वार्डन राधे श्याम दवा दिलाने के लिए डिस्पेंसरी ले जा रहा था। इस दौरान कैदी अलवर राजस्थान निवासी पवन, नरेश उर्फ नेहरू, खोहरीकलां नूहं निवासी मोनू ने उस पर हमला कर दिया। उसे अन्य कैदियों ने डंडों से पीटा, जिसमें उसके कान व पीठ पर चोटें लगी हैं। मारपीट होते ही वार्डन ने जेल का सायरन बजा दिया। स्टाफ तुरंत ही मौके पर पहुंचे और कैदियों को अलग-अलग किया। घायल कैदी को डिस्पेंसी में ले जाकर उसका इलाज करवाया। इसकी शिकायत जेल प्रशासन ने पुलिस को दी। भोंडसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि फिलहाल मारपीट के कारणों का पता नहीं लगा है। आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा। जिसके बाद कारणों का पता लग पाएगा।