कैब में बैठाकर युवक से मारपीट व लूटपाट
गुरुग्राम। मोबाइल प्रमोटर को कैब में बैठाकर चालक ने साथियों संग लूट लिया। उन्होंने हथियार का भय दिखा पीड़ित के घर से रुपये भी मंगवाए। रुपये लेने के बाद पीड़ित को पीटकर सुनसान जगह छोड़कर आरोपी फरार हो गए। भोंडसी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मारुति कुंज निवासी मेहन्त कुमार सेक्टर-31 स्थित एक मोबाइल कंपनी शोरूम में काम करता है। शनिवार रात वह शोरूम से घर जाने के लिए निकला था। ऑटो से बादशाहपुर उतर गया। काफी देर इंतजार के बाद एक कैब आई जिसमें वह बैठ गया। रेयान मोड़ के पास एक अन्य कैब से दो युवक उसकी कैब में बैठ गए। जब मारुति कुंज मोड़ के पास उसने रुकने के लिए कहा तो कैब में सवार युवकों ने उससे मारपीट करते हुए पिस्तौल दिखाई। सोहना पहुंचकर युवकों ने उसे दूसरी गाड़ी में बैठा लिया और आगे की तरफ ले गए। आरोपियों ने उससे मोबाइल, पर्स, छीन लिया। पर्स में 200 रुपये मिलने पर आरोपियों ने उसे घर फोन कर रुपये मंगवाने को कहा। इस पर उसने घर पर फोन कर भांजे से अकाउंट में रुपये जमा करवाए। जो उन्होंने एटीएम के जरिये उसके बैंक खाते से निकाल लिए। ब्यूरो