सेक्टर-29 स्थित एक होटल में सेना के कैप्टन पर छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। वारदात के 20 दिन बाद पीड़िता ने जयपुर पुलिस में आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। जयपुर पुलिस की मदद से बृहस्पतिवार को सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपी कैप्टन के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-29 थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी अभी फरार है, उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, जयपुर निवासी 28 वर्षीय छात्रा की बीते नवंबर में विनीत सिंह हुड्डा के साथ फोन पर दोस्ती हुई थी, जिसके बाद दोनों मोबाइल पर बातचीत करने लगे। 2 मार्च को पीड़िता के दोस्त की शादी में दोनों की मुलाकात हुई। पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे घुमाने-फिराने के बहाने गुरुग्राम सेक्टर-29 स्थित एक होटल में ले आया, जहां उसने पहले से कमरा बुक कर रखा था।
उस दिन बारिश के चलते बाहर नहीं जा पाने की वजह से आरोपी ने छात्रा के साथ शारीरिक संबंध बनाए, पीड़िता के विरोध करने और पुलिस में शिकायत देने की बात कहने पर आरोपी ने अपनी गलती मानते हुए दोबारा ऐसा न करने की बात कही। पीड़िता का आरोप है कि जयपुर जाने के बाद आरोपी ने फोन पर उसे कुछ भी करने की बात कहते हुए अपनी वकील से धमकी दिलवाई। पीड़िता के बयान और पुलिस की ओर से लिए गए मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है।