टोल बिल्डिंग के पिलर से टकराई कार, एक की मौत, 4 घायल
मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे के बीचों बीच बनी बिलासपुर टोल बिल्डिंग के पिलर से कार टकराने के कारण गाड़ी चला रहे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार परिवार के अन्य चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बिलासपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पांचों घायलों को आईएमटी मानेसर स्थित निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां पर कार चालक जयभगवान (60) को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
बिलासपुर पुलिस के मुताबिक ऊषा (23) निवासी अशोक विहार बहादुगढ़ जिला झज्जर ने बताया कि वह परिजनों मां गंगा देवी (55), बहन सीमा (21) व भतीजे राजीव के साथ राजस्थान लौट रहे थे। कार को पापा जयभगवान चला रहे थे। जब वह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बिलासपुर के पास टोल बिल्डिंग पर पहुंचे, तो हाईवे के बीचों बीच बने पिलर से उनकी कार टकरा गई। इसमें उनके पापा जयभगवान गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी गंगा देवी का पैर टूट गया। सीमा के देवी के सिर में चोटें आई हैं। ऊषा का एक पैर टूट गया है। राजीव के शरीर में गुम चोटें आई हैं।
सभी घायलों को आईएमटी मानेसर स्थित निजी अस्पताल में दाखिला कराया गया। जहां जयभगवान को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंगा देवी व ऊषा का इलाज चल रहा है। सीमा व राजीव को गंभीर चोटें आई हैं। जिसका इलाज आईसीयू में चल रहा है। बिलासपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
.........