दुकान का शटर तोड़ 10 लाख कीमत के मोबाइल चोरी
व्यस्ततम कही जाने वाली झाड़सा रोड पर शुक्रवार की रात वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर की व्यस्ततम कही जाने वाली झाड़सा रोड पर सेक्टर-15 पार्ट-1 स्थित मोबाइल की दुकान में शुक्रवार देररात चोरी हो गई। चोरों ने शटर तोड़कर दुकान से 50 से अधिक महंगे मोबाइल चुरा लिए। अलसुबह सूचना के बाद दुकान मालिक ओमप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना पुलिस समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-15 पार्ट-1 में जुपिटर मेडिकॉज एंड कॉस्मेटिक्स दुकान है। दुकान मालिक ओमप्रकाश इसमें मोबाइल शॉप भी संचालित करता है। दुकान मालिक को सुबह चार बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। दुकान मालिक पहुंचे तो देखा कि दुकान से 50 से अधिक मोबाइल गायब हैं। 10 हजार रुपये नकद भी गायब थे। चोरी गए मोबाइल फोन की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस जांच के मुताबिक, पड़ोस में रेस्तरां पर रात दो बजे तक लोग थे। तब तक मोबाइल की दुकान पूरी तरह बंद थी। वारदात देररात ढाई से तड़के चार बजे के बीच होने की आशंका जताई जा रही है। दुकान में लगे सीसीटीवी खराब पाए गए। एसीपी क्राइम-1 शमशेर सिंह ने बताया कि अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर कई लोगों से पूछताछ की गई है।