बाइक सवार बदमाशों ने निजी कंपनी कर्मी से मोबाइल झपटा
गुरुग्राम। साइबर सिटी में बाइक सवार झपटमारों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सुभाष चौक स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत कर्मचारी से बाइक सवार दो युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गए। शिकायत के बाद सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के करोल बाग निवासी युवक तरुण वोरा सुभाष चौक स्थित फिडेलिटी इंटरनेशनल कंपनी में कार्यरत है। 12 जनवरी की रात ड्यूटी खत्म करने के बाद युवक मुख्य सड़क पर कैब का इंतजार कर रहा था। इस दौरान मोबाइल पर कॉल आने पर उसने कॉल रिसीव कर बातचीत शुरू ही की थी कि बाइक पर तेजी से आए दो युवक उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गए। युवक ने शोर मचाया लेकिन बाइक सवार बदमाश हाथ नहीं आ पाए। मोबाइल की कीमत करीब 30 हजार रुपये थी। घटना के बाद बृहस्पतिवार शाम को युवक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी जिस पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं जिसके आधार पर बदमाशों की पहचान की जाएगी।