निर्माणाधीन बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से गिरा इंजीनियर, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-90 स्थित निर्माणाधीन इमारत की 13वीं मंजिल से सोमवार देर शाम एक इंजीनियर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-90 में वर्धमान अपार्टमेंट का निर्माण चल रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के मुराद नगर निवासी कुणाल डागर बतौर इंजीनियर काम कर रहा था। सोमवार को वह निर्माणाधीन बिल्डिंग की 13वीं मंजिल पर बीम काटने का काम करवा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। सूचना मिलते ही सेक्टर 10ए थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर थाना पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा भी पहुंची, जिसने पाया कि यहां कार्य के दौरान सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल जांच जारी है।