औरैया कानुपर के ध्यानार्थ
चोरी कर भाग रहे बदमाश की ग्रामीणों से मुठभेड़, गोली लगने से मौत
चोरी के आभूषण, नगदी के साथ रॉड, रिंच और अन्य सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
शिकोहाबाद। माधवगंज में बीती रात चोरी करने आए बदमाशों की ग्रामीणों से मुठभेड़ हो गई। लोगों के शोर मचाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद बदमाशों और ग्रामीणों के बीच जमकर फायरिंग हुई। कई राउंड गोलियां चलने से माधवगंज थर्रा उठा। फायरिंग में गोली लगने से एक बदमाश की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ।
माधवगंज निवासी दवा करोबारी चंद्रकांत शर्मा पुत्र मुन्नालाल शर्मा के मोहल्लेे में दो मकान हैं। एक मकान में चंद्रकांत की मां रहती हैं, जबकि दूसरे मकान में वो खुद परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार रात चंद्रकांत की मां कुसमा देवी घर में ताला लगाकर बेटे के पास चली गई थी। देर रात बंद मकान देख चोर ताला तोड़कर घुस गए। चोरों की आहट पर स्थानीय लोग जागे और शोर मचाने लगे। जगार होते ही बदमाश भागने लगे। जब लोगों ने घेराबंदी की तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग का जवाब लोगों ने फायरिंग से दिया तो दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। इसी बीच गोली लगने से एक बदमाश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक बदमाश की शिनाख्त दीपक यादव (28) पुत्र अशोक उर्फ शिवपाल निवासी हरीगंज अछल्दा औरैया के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी के मामा जितेंद्र ने बताया कि दीपक उसके साथ भूड़ा गांव के पास श्री गिरधर राधा कृष्ण ढाबा डेढ़ माह से किराए पर लेकर चला रहा था। सुबह चार बजे अछल्दा जाने के लिए दोस्तों के साथ निकला था। मृतक की पत्नी दीक्षा ने जिला अस्पताल पहुंच कर पति को निर्दोष बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। दवा कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक बदमाश के पास से चोरी का सामान बरामद किया है।
चोरी के उद्देश्य से माधवगंज में घर में घुसे चोर दीपक की फायरिंग में मौत हुई है। मकान मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक के परिजनों के सवालों की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
महेंद्र सिंह एसपी ग्रामीण फिरोजाबाद