फेसबुक पर दोस्ती कर विदेशी युवती ने लगाई सवा लाख की चपत
क्रॉसर...
- पीड़ित उद्योग विहार स्थित मेडिकल कंपनी में कर्मचारी, पुलिस ने मामला दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दोस्ती करने के नाम पर झांसा देकर मेडिकल कंपनी कर्मचारी के साथ सवा लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर उद्योग विहार थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ साइबर क्राइम और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक विरेंद्र कुमार बंसल उद्योग विहार स्थित एक मेडिकल कंपनी में बतौर कर्मचारी कार्यरत है। कुछ महीनों पहले उसकी फेसबुक पर फ्रांस की एक युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों फेसबुक पर बातचीत करने लगे। युवती ने कुछ दिनों बाद पीड़ित का मोबाइल नंबर मांगते हुए उससे व्हाट्सऐप पर बातचीत शुरू कर दी। दोनों के बीच हुई दोस्ती के बाद आरोपी युवती ने पीड़ित से मिलने के लिए भारत आने को कहा।
आरोप है कि 22 मार्च को युवती ने आईजीआई एयरपोर्ट पर आने के बाद उसे कॉल किया कि उसके पास सामान ज्यादा होने की वजह से उसे कस्टम पर रोक लिया गया है। उसके बाद रुपये नहीं है तो वो इस खाते में 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दे। युवती की बात पर विश्वास करते हुए युवक ने पहले 60 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद युवती ने एक मध्यस्थ से कॉल करवाते हुए कहा कि एरोसिटी स्थित होटल में रुकने के लिए उसके अकाउंट को फॉरेन एक्सचेंज सर्विस से जोड़ने के लिए कोड चाहिए। इस पूरी जालसाजी का खुलासा उस वक्त हुआ जब पीड़ित ने उस मेल का जवाब दे दिया। जिसके बाद उसके खाते से 72 हजार रुपये और निकल गए।
पीड़ित को एक लाख 32 हजार रुपये की धोखाधड़ी का अंदेशा होने पर इसकी शिकायत साइबर सेल से की। मामले की जांच के बाद बृहस्पतिवार को उद्योग विहार थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ साइबर क्राइम और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी ने बताया कि व्हाट्सऐप और फेसबुक आईडी के आधार पर जानकारी खंगाली जा रही है।
--