पुरानी रंजिश में जिम ट्रेनर सहित चार पर चलाई गोलियां
गुरुग्राम। सेक्टर-29 मार्केट के पास पुरानी रंजिश की वजह से कार सवार 4 युवकों ने जिम ट्रेनर, 2 बाउंसरों सहित चार लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी हालांकि किसी भी तरह चारों ने अपनी जान बचाई। पीड़ितों ने जब उनकी गाड़ी रोकने के लिए बेरिकेड को गाड़ी के आगे लगाया तो आरोपी बेरिकेड को टक्कर मारते हुए फरार हो गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से दिल्ली के महिपालपुर स्थित गांव रंगपुरी निवासी विपिन ने शिकायत में कहा कि वह साउथ सिटी के यू ब्लॉक में जिम ट्रेनर हैं। रविवार रात अपने दोस्तों झज्जर निवासी जगबीर, प्रवीण व परविंद्र के साथ अपनी गाड़ी से खाना खाने सेक्टर-29 मार्केट गए थे। उन्होंने पार्किंग के निकासी गेट के पास ही अपनी गाड़ी को खड़ी कर दी और पैदल ही मार्केट में जाने लगे। जब वे मार्केट की पार्किंग में प्रवेश कर रहे थे तो सामने से आई गाड़ी में आरोपी अमित अपने दोस्तो के साथ मौजूद था। उन्हें देखते ही अमित ने गाड़ी रुकवा दी और अपने साथी से उन्हें गोली मारने को कहा, जिस पर गाड़ी से एक व्यक्ति उतरा जिसने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली चलते ही सभी भागकर गाड़ी के पीछे छिप गए और शोर मचाई। इस पर गोली चलाने वाला आरोपी गाड़ी से दूसरी तरफ भागने लगा जबकि अमित व गाड़ी में मौजूद दो अन्य युवक गाड़ी लेकर भागने लगे। उन्होंने पार्किंग में मौजूद बेरिकेड को उनकी गाड़ी के आगे लगाया लेकिन आरोपी बेरिकेड को तोड़ते हुए फरार हो गए। गोली चलाने वाला व्यक्ति सड़क के दूसरी तरफ खड़ी कैब में बैठकर फरार हो गया। पहले भी एक मामले में इनका आपस में झगड़ा हुआ था।
---------------
शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुभाष बोकन, पुलिस प्रवक्ता, गुरुग्राम