पूर्व मैनेजर ने 10 लाख की धोखाधड़ी की
-अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ केस
गुरुग्राम। नौकरी से निकाले जाने से खफा मैनेजर ने कंपनी के साथ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी ने कंपनी का गोपनीय डाटा भी डिलीट कर दिया। कंपनी ने मैनेजर के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की। अदालत के आदेश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश ने बताया कि सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित ड्रम टेक्नोलॉजी के अभिनव कपूर ने शिकायत में कहा कि उनकी कंपनी में दिल्ली के गुरु नानकपुरा निवासी नवजोत सिंह मैनेजर के पद पर कार्यरत था। कुछ गड़बड़ियों के कारण उन्हें कंपनी से निकाल दिया गया था। निकालने के दौरान उन्हें कंपनी की शर्त के अनुसार 10 लाख रुपये कंपनी खाते में जमा करवाने थे, लेकिन उन्होंने यह जुर्माना नहीं दिया। आरोपी मैनेजर ने कंपनी की गोपनीय जानकारी को भी कंप्यूटर से डिलीट कर दिया।