दुष्कर्म व छेड़छाड़ के दो मामले दर्र्ज
-सेक्टर-4 में महिला से दुष्कर्म, लक्ष्मण विहार में छात्रा से छेड़छाड़
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में दुष्कर्म व छेड़छाड़ के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सेक्टर-9ए थाना पुलिस ने मंगलवार को एक महिला से दुष्कर्म व छात्रा से छेड़छाड़ करने के दो मामले दर्ज किए। छात्रा मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दुष्कर्म का आरोपी फरार है।
लक्ष्मण विहार निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत में कहा कि उसकी 12 वर्षीय बेटी पास के स्कूल में 7वीं कक्षा की छात्रा है। उनके घर के पास बहराइच उत्तर प्रदेश निवासी विजय जूस की रेहड़ी लगाता है। आरोप है कि पिछले करीब तीन महीने से विजय बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था। इस बारे में पीड़िता ने परिजनों को बताया। सेक्टर-9ए थाना पुलिस को शिकायत दी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में इटावा उत्तर प्रदेश निवासी एक महिला ने शिकायत में कहा कि वह सेक्टर-4 के पास रेहड़ी लगाती है। करीब एक साल पहले उसकी दोस्ती मथुरा निवासी गुड्डू से हुई। गुड्डू यहां ऑटो चलाता था। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने पहले से शादीशुदा होने की बात कही और उसे छोड़कर मथुरा चला गया। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन का कहना है कि दुष्कर्म के आरोपी की तलाश जारी है।