आईपीएस भारती अरोड़ा पर मामला दर्ज करने के लिए राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
गुरुग्राम। अदालत के आदेश के बाद भी पुलिस द्वारा आईपीएस भारती अरोड़ा व आरएसओ अभिनव चोपड़ा के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ताओं का एक दल पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार से मिला। अधिवक्ताओं ने अदालत के आदेश पर तुरंत प्रभाव से मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने इस संदर्भ में एक पत्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को लिखकर पुलिस को आईपीएस के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आईपीएस होने के चलते गुरुग्राम पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं करना चाहती है। बता दें कि एक महिला ने गुरुग्राम पुलिस को दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि इस मामले में आरोपी ने मामले में समझौता करने के लिए आईपीएस भारती अरोड़ा की सहायता ली थी। इस पर पीड़िता ने पुलिस आयुक्त को भी शिकायत दी थी। इंसाफ के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
मामले में सुनवाई करते हुए अदालत ने संबंधित थाना पुलिस को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर इसकी रिपोर्ट सौंपे। अदालत ने 13 अप्रैल को आदेश दिए थे। संबंधित थाना पुलिस के पास आदेश 19 अप्रैल को पहुंच गया। अदालत के आदेश मिलने के बावजूद भी पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़िता का आरोप है कि भारती अरोड़ा स्वयं आईपीएस हैं और ऐसे में पुलिस आयुक्त द्वारा इस मामले को दर्ज करने में ढिलाई बरती जा रही है।
--