स्कूल गए तीन छात्र लापता, कोई सुराग नहीं लगा, मामला दर्ज
- दो छात्र गांव सुल्तानपुर के तो एक जमालपुर का है
फर्रुखनगर। खंड के गांव सुल्तानपुर से चंदू स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने गए दो छात्र रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। पुलिस लापता छात्रों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। थाना फर्रुखनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रों की तलाश शुरू कर दी है। परिजन बच्चों की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। इसके अलावा एक छात्र जमालपुर से गायब हुआ है।
पुलिस के मुताबिक खंड के गांव सुल्तानपुर निवासी चरण सिंह ने बताया कि उनके तीन लड़के हैं। बड़ा बेटा प्रेमसिंह सरकारी स्कूल चंदू 10 वीं में पढ़ता है। उनके लड़के के साथ ही गांव में किराये पर रह रहे रामजी का लड़का विशाल भी 10वीं में पढ़ता है। दोनों छात्र शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे घर से स्कूल के लिए गए थे लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचे। उनके पास कोई मोबाइल भी नहीं है। फर्रुखनगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं गांव जमालपुर स्थित बाल कल्याण स्कूल में पढ़ने गया 9वीं कक्षा का छात्र भी शनिवार से लापता है। वह अभी तक घर नहीं लौटा है। पुलिस ने छात्र के लापता होने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खंड के गांव जुडौला निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि उसका बेटा सन्नी जमालपुर बाल कल्याण स्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र है, जो गत 4 मई को घर से स्कूल ड्रेस में बैग लेकर पढ़ने गया था, जो अभी तक वापस नहीं लौटा है। परिजनों ने काफी जगह तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
..............
पुरानी रंजिश में महिला से मारपीट कर छेड़छाड़ की, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखनगर। खंड के गांव ताजनगर में महिला के साथ गांव के ही दो व्यक्तियों ने मारपीट कर छेड़छाड़ की । महिला की शिकायत के बाद थाना फर्रुखनगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक गांव ताजनगर की महिला ने बताया कि वह गांव में ही सिलाई सेंटर चलाती है। उसके परिवार के साथ राकेश की पुरानी रंजिश चली आ रही है। बीती 4 मई को सुबह 9 बजे जब वह अपने घर से सिलाई सेंटर की ओर जा रही थी, तभी सामने से मनीष आ गया और गाली गलौज करने लगा। जब उसे मना किया, तो मनीष ने उसके साथ मारपीट कर छेड़छाड़ की। उसी समय राकेश भी वहां पर आ गया। उसने अपने हाथ में लोहे की कैंची ले रखी थी। उसने कमर पर कैंची से तीन वार कर घायल कर दिया। मनीष ने बाजू पर काट खाया। जिसके बाद झगड़ा बढ़ता देख उसके परिजन भी मौके पर आ गए। तब वह मौका देखकर फरार हो गए। फर्रुखनगर पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार है।