गुरुग्राम-पटौदी । रफ्तार के कहर ने छह जिंदगियों को निगल लिया। बीते 48 घंटों में जिले के बाहरी इलाकों में अलग-अलग चार सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। सबसे दर्दनाक हादसा बलासपुर-तावड़ू रोड पर हुआ जिसमें तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार को बरामद कर लिया है। अन्य तीन हादसों में एक-एक व्यक्तियों की मौत हुई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गए। तलाश जारी है। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एक शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी कार चालकों की तलाश में जुटी हुई है।
अनियंत्रित कार ने तीन दोस्तों को कुचला
गणतंत्र दिवस की रात को बिलासपुर-तावड़ू रोड पर भीषण हादसा हुआ। तावड़ू की ओर से तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े तीन दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो दोस्तों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे। बिलासपुर गांव निवासी ट्रांसपोर्टर मनदीप (34) ने बताया कि रविवार शाम को वह ट्रांसपोर्टर साथी जसवंत (38) के साथ तावड़ू रोड स्थित होटल के बाहर खड़े होकर बात कर रहा था। इसी दौरान जसवंत का दोस्त जयभगवान (38) और पवन (40) बाइक लेकर पहुंच गए। चारों युवक सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। जयभगवान और पवन बाइक पर ही बैठे हुए थे। बात करते-करते मनदीप बीड़ी लेने के लिए होटल की ओर गया, इतने में तावड़ू रोड की तरफ से तेज रफ्तार आई कार ने बाइक सवार समेत तीनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि हादसे के बाद वह चार बार पलटते हुए दूर जा गिरी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसे में जयभगवान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से जख्मी जसवंत और पवन को निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान सोमवार की रात को उन्होंने दम तोड़ दिया। बिलासपुर थाना पुलिस ने आरोपी की कार को जब्त कर लिया जिसके आधार पर आरोपी कार मालिक की पहचान की की जा रही है। मंगलवार को पुलिस ने तीनों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को कुचला, मौत
सोमवार रात को भांगरौला गांव में भी तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को कुचल दिया। पुलिस के अनुसार हरसरू गांव निवासी युवक विजय (30) अमेजॉन कंपनी में कार्यरत था। सोमवार रात को डयूटी खत्म होने के बाद वह स्कूटी से अपने घर जा रहा था। हरसरू गांव स्थित कैलाश अस्पताल के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया। हादसे के बाद गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल में दाखिल कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। आरोपी कार चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है।
तेज रफ्तार वाहन ने युवक को कुचला
सोमवार रात को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे स्थित नरसिंहपुर मोड़ के पास एक्सप्रेस-वे पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक करीब 5 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरा। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। देर रात को राहगीर ने युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद सेक्टर-37 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार तक पुलिस मृतक की पहचान नहीं कर पाई। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की उम्र 35 वर्ष के आसपास है। शव की पहचान नहीं हो पाई है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
----------------------
पैदल चल रहे युवक को कार ने मारी टक्कर, मौत
सोमवार शाम को पटौदी-गुरुग्राम रोड पर पैदल जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। गंभीर हालत में युवक को रेवाड़ी स्थित पुष्पांजलि अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, भोकरका गांव निवासी अशोक कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत है। सोमवार शाम को वह अपने साथी जगदीश प्रसाद के साथ-साथ सड़क पर पैदल जा रहे थे। इतने में सामने से आ रही कार ने अशोक को टक्कर मारी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक कुछ मिनट रूका और उसके बाद फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को रेवाड़ी स्थित अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पटौदी थाना पुलिस ने बताया कि कार नंबर की पहचान हो गई है। पुलिस उसी आधार पर चालक की पहचान कर रही है।
-------