गुरुग्राम। सोसाइटियों में कोरोना मरीज मिलने पर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। लोग घरों में से बाहर नहीं निकल पा रहे है। ऐसे में सोसाइटियों के लोगों ने कोविड केयर सेंटर स्थापित कर दिए हैं। जिनमें संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन सहित अन्य सुविधाएं रखी गई हैं।
सोसाइटियों में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। लोगों को अस्पताल में बेड और उपचार नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में पालम विहार, रेल विहार और सेक्टर-37 की रामप्रस्था सोसाइटी में लोगों ने कोविड केयर सेंटर बना लिए है। जिनमें हल्के लक्षण वाले मरीजों को उपचार किया जा रहा है, रामप्रस्था सोसाइटी में 42 कोरोना संक्रमित मरीज घर में रहकर अपना उपचार कर रहे है। सोसाइटी और रखरखाव रखने वाली कंपनी ने संक्रमितों के घर पर उपचार के व्यवस्था कर दी है। इसके लिए उनके द्वारा मरीज को ऑक्सीजन और आईसीयू सपोर्ट घर में दिया जा रहा है। सोसाइटी में संक्रमितों के खाने-पीने के लिए कम्यूनिटी किचन भी शुरू कर दिया गया है।
कोरोना मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अगर समय रहते उपचार मिल जाता है, तो उनकी जिंदगी बचने की उम्मीद भी बढ़ जाती है। - डीडी शर्मा, रेल विहार कॉलोनी
सोसाइटी में बहुत से परिवार हैं। जिनमें लोग संक्रमित हो चुके है और उन्हें भोजन देने वाला भी कोई नहीं है। तो उनकी देखभाल और उपचार के लिए पहल की जा रही है। - प्रदीप राही, रामप्रस्था सिटी
कोविड केयर सेंटर में लोगों को जरूरत पड़ने पर रखा जाता है। अगर उनको इलाज में परेशानी होती है, तो अस्पताल भेजने का प्रयास किया जाता है। - गौरव पूरी, पालम विहार