गुरुग्राम। शहर के अशोक विहार फेज-3 इलाके में पुलिस ने कई नामी कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बनाने वाली फैक्टरी में छापा मारकर सामान बरामद किया है। इस दौरान मौके से मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। फैक्टरी से टाइड, सर्फ एक्सल, विम, लक्स, टाटा टी जैसे नकली उत्पाद मिले हैं।
शिकायतकर्ता दिल्ली निवासी पंकज ने बताया कि वह ग्रेव्स प्रोटेक्शन मैनेजमेंट कंपनी में बतौर डाइरेक्टर आपरेशन के पद पर कार्यरत है। उनकी कंपनी टाइड सर्फ एक्सल, विम, लक्स समेत कई कंपनियों के उत्पाद तैयार करती है। उनको काफी समय से गुरुग्राम शहर में ही अलग-अलग कंपनियों के नकली उत्पाद के निर्माण की जानकारी मिल रही थी। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को उनको जानकारी मिली कि यहां के अशोक विहार फेज- इलाके में भारत एग्रो फूट नामक कंपनी के नाम से रोहतक निवासी युवक मनोज अवैध फैक्टरी संचालित कर रहा है।
इस फैक्टरी में उनकी कंपनी के नकली उत्पाद बनाए जाते हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पालम विहार थाना पुलिस को दी। सूचना के आधार पर पालम विहार के एसआई देवेंद्र पुलिस टीम ने पुलिस टीम के साथ फैक्टरी में छापेमारी की। पुलिस ने छापेमारी के दौरान फैक्टरी संचालित करने वाले युवक को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली सामान बनाने का सामान कहां-कहां से खरीदता था।