संवाद कार्यक्रम में बोले लोग-सफाई, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-38 स्थित हुडा मार्केट में विकास के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। स्मार्ट सिटी के सपनों के बीच यह मार्केट पिछले पांच सालों से अव्यवस्थाओं की मार झेल रही है, लेकिन नगर निगम आंखें मूंदे बैठा है। यह बाजार सफाई, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है
संवाद कार्यक्रम में लोगों ने बताया कि मार्केट में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे ग्राहकों को मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं। नतीजा जाम और आए दिन झगड़े होते है। फुटपाथ न होने से पैदल चलने वाले सड़क पर उतरने को मजबूर हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। पूरे मार्केट में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है। इससे महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
.........................................
निगम अधिकारी केवल आश्वासन देकर झाड़ रहे पल्ला
पहले यह मार्केट हुडा के अधीन थी लेकिन दो साल पहले नगर निगम के अंडर आने के बाद हालात और बदतर हो गए। - नसिब सिंह मार्केट अध्यक्ष
बाजार में कूड़ा कई दिन तक पड़ा रहता है, कई बार शिकायतें करने के बावजूद नगर निगम के अधिकारी केवल आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। - नायब सिंह ठाकरा
बाजार में न तो स्ट्रीट लाइटें हैं, न ही सफाई व्यवस्था। रात के समय मार्केट अंधेरे में डूबी रहती है, जिससे असामाजिक तत्वों का डर बना रहता है। - अनिल
ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। हल्की बारिश में ही पानी भर जाता है और गंदा पानी दुकानों के अंदर तक घुस जाता है। - राम न्यास