निगम आयुक्त बोले, मामले की जांच चल रही, तथ्य सामने आने पर की जाएगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास सफाई व्यवस्था को लेकर मानेसर नगर निगम एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास कूड़ा और मलबा पड़े होने की शिकायत लोगों ने नगर निगम से की थी। यह क्षेत्र मानेसर अरावली घाटी के पास है और इसी के पास गांव सहरावन है। इस मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। तथ्यों के सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के बाद नगर निगम की सेनिटेशन शाखा के अधिकारियों ने कार्रवाई करने के बजाय एक अलग ही तरीका अपनाया। उन्होंने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से फोटो एडिट कर दिया, जिसमें कूड़ा हटाया हुआ दिखाया गया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया कि सफाई कर दी गई है। इस फोटो में कुछ अधिकारी भी दिखाई दे रहे हैं लेकिन शिकायतकर्ता ने बताया कि मौके पर कोई सफाई नहीं हुई है और कूड़ा अभी भी जस का तस पड़ा है। फोटो में भी कुछ गड़बड़ियां दिख रही हैं, जैसे साइन बोर्ड पर नाम गलत भाषा में लिखा हुआ नजर आ रहा है।
लोगों ने बताया कि यह केवल दिखावा है और असल में सफाई नहीं की गई। अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है कि नगर निगम ने समस्या का समाधान करने के बजाय फोटो एडिट करके जवाब दे दिया।