संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। पटौदी में तेज गर्मी के बावजूद स्कूलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे बच्चों और अभिभावकों को परेशानी हो रही है। इस समय स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चल रहे हैं, जबकि दिन चढ़ते ही गर्मी बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। अभिभावकों का कहना है कि दोपहर 1 बजे तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है। ऐसे में जब बच्चे स्कूल से घर लौटते हैं, तो उन्हें तेज धूप और गर्मी लगती है, जिससे उनकी सेहत पर असर पड़ सकता है।
जावेद, राहिद खान, कुमुद कक्कड, इन्द्रजीत, यशबीर व अन्य अभिभावकों ने सरकार से मांग की है कि स्कूलों का समय बदलकर सुबह जल्दी खोला जाए और दोपहर 1 बजे से पहले छुट्टी कर दी जाए। बता दें कि शनिवार को पटौदी में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया, जिससे गर्मी और भी बढ़ गई है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को इस भीषण गर्मी से बचाने के लिए सरकार को जल्द फैसला लेना चाहिए।