गुरुग्राम। जिले में आज से बुजुर्गों के लिए कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत शासकीय केंद्रों व निजी अस्पतालों में कोरोना का टीका लगाया जाएगा, जहां 60 वर्ष से ज्यादा आयु वालों को टीका लगाया जाएगा। पहले दिन सोमवार को जिले में 21 केंद्रों पर लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक केंद्र पर 100-100 लोगों का लक्ष्य रखा है, जिसमें 40 फीसदी को टीके की पहली डोज व 60 फीसदी को दूसरी डोज लगाई जाएगी।
हालांकि, पहले से बीमार 45-49 वर्ष की आयु वाले भी टीका लगवा सकेंगे लेकिन उनको स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट दिखानी होगी। शासकीय केंद्रों पर टीकाकरण के लिए बुजुर्गों को पहले ही कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद ही शासकीय केंद्रों में निशुल्क टीका लग सकेगा। इसके लिए आधार कार्ड या फिर कोई भी पहचान पत्र लेकर पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। सोमवार के टीकाकरण के लिए बुजुर्गों का पहले ही पंजीकरण हो चुका है और उन्हें टीकाकरण के लिए पहले ही संदेश भी भेज दिया जाएगा।
250 रुपये देकर निजी अस्पतालों में लगेगा
वहीं, निजी अस्पतालों में टीकाकरण कराने पर लाभार्थी को 250 रुपये का शुल्क देना होगा। टीकाकरण के लिए आर्टेमिस अस्पताल, कल्याणी अस्पताल, मयूम अस्पताल, मेदांता अस्पताल, डब्ल्यू प्रतीक्षा अस्पताल, पार्क अस्पताल, पारस अस्पताल नारायणा अस्पताल, सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल को केंद्र बनाया गया है। वहीं, राज्य में एक मार्च को कोविड -2 पोर्टल की भी लांचिंग की जाएगी, जिस पर पंजीकरण के बाद टीका लगवाया जा सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग ही कराएगा वैक्सीन
टीकाकरण के बारे में स्थिति स्पष्ट करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि निजी अस्पतालों में टीका लगवाने पर 250 रुपये की एक निश्चित धनराशि खर्च करनी पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इसी 250 में 100 रुपये प्रोसेसिंग फीस के शामिल हैं। हालांकि, निजी अस्पतालों को वैक्सीन की डोज स्वास्थ्य विभाग के द्वारा ही उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए निजी अस्पताल प्रबंधन भारत सरकार के खजाने में पैसा जमा कराएंगे। मालूम हो कि एक मार्च से टीकाकरण का दूसरा दौर शुरू हो रहा है, जिसमें बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जाएगी।