ट्रायल के तौर पर 20 सेट दिए गए, फीडबैक लिया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात पुलिसकर्मियों को गर्मी व पसीने से राहत दिलाने के लिए कूलिंग जैकेट व कैप सेट दिए जाएंगे। ट्रायल के तौर पर 20 कूलिंग जैकेट व कैप सेट पुलिसकर्मियों को दिए गए हैं। जैकेट का वजन बहुत हल्का है। पुलिसकर्मियों से इसका फीडबैक लिया जाएगा। अगर कोई दिक्कत मिलती है तो उसमें सुधार किया जाएगा।
गुरुग्राम यातायात पुलिस को एक निजी कंपनी ने सीएसआर के तहत कूलिंग जैकेट ट्रायल के तौर पर उपलब्ध कराई हैं। यह जैकेट व कैप भीषण गर्मी में भी 15 डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम रखती है। फिलहाल 20 सेट ही यातायात पुलिस को दिए हैं, जो विभिन्न जोनल अधिकारी अपने-अपने पॉइंट पर पहनकर ड्यूटी करेंगे। साथ ही इस जैकेट के बारे में सुझाव भी साझा करेंगे। जेडओ के सुझाव को ध्यान में रखते हुए ही यातायात पुलिस के अन्य कर्मचारियों के लिए इस कूलिंग जैकेट और कैप को वितरण करने के लिए सुझाव देंगे। इस कूलिंग जैकेट के वितरण के आयोजन के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सत्यपाल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात, पूर्व) विरेंद्र सिंह, विकास सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कूलिंग जैकेट और कैप को पहनने के बाद यातायात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करने में सहूलियत होगी और प्रचंड गर्मी से भी राहत मिलेगी।