संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा सरकार ने स्कूलों में कार्यरत अनुबंधित शिक्षकों को एक बार फिर राहत दी है। राज्य सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नियुक्त टीजीटी शिक्षकों, आर्ट एजुकेशन असिस्टेंट और फिजिकल एजुकेशन असिस्टेंट का अनुबंध 30 नवंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
महानिदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा की ओर से सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। निदेशालय के पूर्व आदेशों के तहत इन शिक्षकों का अनुबंध पहले 30 सितंबर तक बढ़ाया गया था, जिसे अब एक माह के लिए और बढ़ा दिया गया है।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी अध्यापक वर्तमान में जिस विद्यालय में कार्यरत हैं, वहीं कार्य करते रहेंगे। जो शिक्षक सरप्लस श्रेणी में हैं उन्हें वर्कलोड के आधार पर जल्द अन्य विद्यालयों में समायोजित किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी प्राचार्य या डीडीओ बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के किसी भी शिक्षक को विद्यालय से कार्यमुक्त नहीं करेगा।